देश और प्रदेश में इस समय रसोई गैस (LPG) का भारी संकट देखने को मिल रहा है। ग्राहकों द्वारा बुकिंग किए जाने के बाद भी महीनो तक डिलीवरी नहीं हो पा रही है। इस किल्लत का फायदा उठाकर गैस माफिया और दुकानदार आम जनता को दोनों हाथों से लूट रहे हैं। आलम यह है कि मजबूरी में लोग 984 रुपये वाला घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 2500 रुपये तक खरीदने को मजबूर हैं। लेकिन हद तो तब हो गई जब ब्लैक में बेचने के साथ-साथ अब सिलेंडर में पानी भरकर बेचने का एक सनसनीखेज खेल सामने आया है।
ताजा मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के तारापुरी इलाके से सामने आया है। यहाँ के निवासी फहीम को जब सही तरीके से गैस नहीं मिली, तो उन्होंने मजबूरी में एक स्थानीय दुकानदार से 2500 रुपये में ब्लैक का सिलेंडर खरीदा। फहीम जब सिलेंडर लेकर घर पहुंचे और खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया, तो वह थोड़ी देर जलने के बाद अपने आप बंद हो गया।
फहीम को जब शक हुआ तो उन्होंने सिलेंडर को उठाकर उल्टा कर दिया। सिलेंडर उल्टा करते ही उसमें से गैस की जगह भारी मात्रा में पानी बहने लगा। दुकानदार ने ज्यादा मुनाफे के चक्कर में सिलेंडर के अंदर थोड़ी सी गैस के साथ पूरा पानी भर दिया था। पीड़ित फहीम ने इस पूरी धोखाधड़ी का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने प्रशासन के दावों और गैस वितरण प्रणाली की पोल खोल कर रख दी है।



