उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली 19 अप्रैल को पूरे विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी। डोली प्रस्थान से पहले परंपरा के अनुसार सायंकालीन आरती के बाद केदारपुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुंड भैरव की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंच रहे हैं।

तीन दिन में केदारनाथ पहुंचेगी डोली, तय हुआ रूट

डोली यात्रा के तय कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल को डोली ऊखीमठ से रवाना होकर फाटा पहुंचेगी। 20 अप्रैल को फाटा से आगे बढ़ते हुए गौरीकुंड पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 21 अप्रैल को गौरीकुंड से प्रस्थान कर डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत की भी तैयारियां की गई हैं।

22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे कपाट, प्रशासन अलर्ट

केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर पूरे जनपद में उत्साह का माहौल है। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शेयर करना
Exit mobile version