हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सैम नील, जिन्हें ‘जुरासिक पार्क’ फिल्मों में डॉ. एलन ग्रांट के किरदार के लिए दुनियाभर में पहचान मिली, अब कैंसर को मात देकर पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे सैम नील ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी सेहत को लेकर बड़ी राहत भरी जानकारी साझा की।
बता दें, अभिनेता ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से एक विशेष प्रकार के लिंफोमा से पीड़ित थे और कीमोथेरेपी के जरिए इलाज चल रहा था। शुरुआत में यह उपचार उनके जीवन को आगे बढ़ाने में मददगार रहा, लेकिन बाद में कीमोथेरेपी का असर खत्म हो गया। स्थिति गंभीर होने लगी और डॉक्टरों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई।
इसी दौरान सैम नील ने CAR T-Cell थेरेपी का विकल्प चुना, जिसमें शरीर की इम्यून कोशिकाओं को कैंसर से लड़ने के लिए फिर से प्रशिक्षित किया जाता है। इस आधुनिक उपचार ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगा दी। अभिनेता ने बताया कि हाल ही में हुए स्कैन में उनके शरीर में कैंसर के कोई भी संकेत नहीं मिले हैं, जो उनके लिए बेहद भावुक और अविश्वसनीय अनुभव है।
उन्होंने कहा कि वह इस नतीजे से बेहद उत्साहित और आभारी हैं और अब फिर से फिल्मों में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। सैम नील ने यह भी कहा कि वह अपने परिवार और खासकर अपने पोते-पोतियों के साथ और अधिक समय बिताना चाहते हैं और जीवन के नए पलों को देखना चाहते हैं।
गौरतलब है कि साल 2023 में उन्होंने अपने कैंसर के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी दी थी, जिससे उनके प्रशंसक काफी चिंतित हो गए थे। लेकिन अब उनकी रिकवरी ने लाखों लोगों को उम्मीद और प्रेरणा दी है।














