हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार दोपहर तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदयपुर-किलाड़ मार्ग के पास कडू नाला के समीप अचानक पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टान और मलबा एक चलती हुई टैक्सी पर आ गिरा। इस भयानक हादसे में वाहन में सवार ड्राइवर समेत सभी 13 लोगों की मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल्लू से पांगी की तरफ जा रही टाटा सूमो टैक्सी (HP-01M-2210) खराब मौसम और मार्ग बंद होने के कारण पिछले दिन तिंदी में रुकी हुई थी। शुक्रवार को जैसे ही सड़क को खोला गया, वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास पहुंचते ही यह कुदरती कहर का शिकार बन गया। घटना की सूचना मिलते ही लाहुल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत कई एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारियों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। हालांकि, खराब मौसम और लगातार गिर रहे मलबे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त व एसडीएम अमनदीप सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।



