वाराणसी: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए, क्योंकि आम आदमी को उच्च स्तरीय (क्वालिटी) चिकित्सा सेवाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बता दें, बैठक के दौरान डिप्टी सीएम ने आयुष्मान भारत योजना, नेशनल टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, बच्चों के टीकाकरण और सर्वाइकल कैंसर से जुड़ी एचपीवी (HPV) वैक्सीन केprogress की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल ऑफिसर्स को निर्देश दिए कि वे एबीएचए (ABHA) आईडी स्टेटस और ई-कवच पोर्टल से जुड़े सभी बिंदुओं पर पूरी तरह अपडेट रहें और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त नजर रखें।
इस महत्वपूर्ण बैठक में वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, एडिशनल डायरेक्टर (हेल्थ) डॉ. एनडी शर्मा, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार समेत स्वास्थ्य इकाईयों के सीएमएस और तमाम प्रमुख चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ जनता के स्वास्थ्य हितों के लिए काम करना होगा।












