चेन्नई: साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, फिल्म निर्माता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने शनिवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कमल हासन ने मुख्यमंत्री विजय को तमिल सिनेमा उद्योग में सुधारों और उसकी बेहतरी से जुड़ा 6 मांगों का एक ज्ञापन (मेमोरेंडम) सौंपा, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर दी।
कमल हासन की मुख्य मांगों में तमिल फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और इंडिपेंडेंट सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए एक ‘सरकारी ओटीटी (OTT) स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म’ शुरू करना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने थिएटर्स पर लगने वाले 4 प्रतिशत एंटरटेनमेंट टैक्स को हटाने, पायरेसी को रोकने के लिए एक विशेष एंटी-पायरेसी टीम बनाने, सिनेमाघरों में रोजाना 5 शोज की अनुमति देने, थिएटर्स और ओटीटी रिलीज के बीच 8 हफ्तों का अनिवार्य अंतर रखने और फिल्म प्रोडक्शन इंसेंटिव योजना शुरू करने की मांग की है।
इस मुलाकात से पहले कमल हासन ने राज्य में 717 शराब की दुकानों को बंद करने के मुख्यमंत्री विजय के फैसले की भी जमकर सराहना की थी। वर्क फ्रंट की बात करें तो कमल हासन आने वाले समय में ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’, ‘थलाइवर’, ‘विक्रम 2’, ‘इंडियन 3’ और ‘डी 55’ जैसी कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं।














