भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक और स्टार फिनिशर रिंकू सिंह अपने जीवन का 29वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर क्रिकेट फैंस से लेकर तमाम हस्तियों ने उन्हें ढेर सारी बधाइयां दी हैं, लेकिन सबसे खास और प्यार भरा संदेश उनकी मंगेतर और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद प्रिया सरोज की तरफ से आया।
प्रिया सरोज ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर रिंकू सिंह के साथ एक बेहद शांत और पावन तस्वीर शेयर की है, जिसमें दोनों एक मंदिर के बाहर खड़े मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को साझा करते हुए प्रिया ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे RK (रिंकू सिंह)। मैं ईश्वर से कामना करती हूं कि जिंदगी आपको वह तमाम खुशियां, ढेर सारा प्यार और बड़ी सफलता दे जिसके आप हकदार हैं। आपके चेहरे पर हमेशा यह मुस्कान बनी रहे और आपके हर सपने सच हों। हमारे आने वाले खूबसूरत सफर और अनगिनत यादों के लिए शुभकामनाएं।”
सांसद प्रिया सरोज की यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैंस इस जोड़ी को लगातार बधाई और प्यार दे रहे हैं।
अगर रिंकू सिंह के क्रिकेट करियर की बात करें, तो अलीगढ़ की गलियों से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचे इस बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ने बहुत कम समय में अपनी छाप छोड़ी है। रिंकू सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय टी20 टीम के एक मुख्य स्तंभ बन चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए अब तक 2 वनडे और 48 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय की 35 पारियों में रिंकू ने 36.94 की शानदार औसत और 156.34 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 702 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनके जुझारूपन, मेहनत और जमीन से जुड़े स्वभाव के चलते फैंस ही नहीं, बल्कि हर क्रिकेट प्रेमी उनके उज्ज्वल भविष्य और लंबे करियर की दुआ कर रहा है।











