सहारनपुर: सहारनपुर में नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री का ड्रग विभाग की टीम ने खुलासा किया है। नागल थाना क्षेत्र के कोटा उमाही गांव के पास एक निजी मकान के बेसमेंट में नकली दवा तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूचना के आधार पर ड्रग विभाग की टीम ने फैक्ट्री पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से डेफकॉर्ट दवा के नकली रैपर बरामद किए गए। इसके अलावा तैयार नकली दवा भी मौके से मिली है। टीम ने दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीन और अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर ड्रग विभाग की टीम ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि निजी मकान के बेसमेंट में लंबे समय से नकली दवा बनाने का काम चल रहा था। छापेमारी की भनक लगते ही फैक्ट्री का मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में टीम जुटी हुई है। ड्रग विभाग ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली दवा कहां-कहां सप्लाई की जाती थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल नागल थाना क्षेत्र के कोटा उमाही गांव के पास हुई इस कार्रवाई के बाद नकली दवा के कारोबार को लेकर जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों द्वारा बरामद दवाओं और अन्य सामान की जांच की जा रही है।










