मुंबई: हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार सलमान खान अक्सर अपनी फिल्मों की शूटिंग के दौरान ‘लेट लतीफी’ को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। हाल ही में ‘सिकंदर’ की असफलता के बाद निर्देशक ए.आर. मुर्गदास के दावों ने इस बहस को और हवा दे दी थी। अब इस विवाद पर वेटरन एक्टर परेश रावल ने खुलकर अपनी बात रखी है और सलमान के आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
परेश रावल ने बताया सलमान को ‘महान’
विक्की लालवानी को दिए एक हालिया इंटरव्यू में परेश रावल ने सलमान खान के साथ अपने दशकों पुराने प्रोफेशनल रिश्ते को साझा किया। परेश रावल ने कहा, “लोग कहते हैं कि सलमान की वजह से नुकसान हुआ, लेकिन मैं कहता हूँ कि अगर सलमान की वजह से आपका नुकसान होता भी है, तो वह उसे ‘डबल फायदे’ में बदलने की काबिलियत रखते हैं।”
परेश ने आगे स्पष्ट किया कि उन्होंने सलमान के साथ जितनी भी फिल्मों में काम किया है, वे कभी भी सेट पर लेट नहीं आए। उन्होंने सलमान को एक ‘महान लड़का’ और बेहद मिलनसार व्यक्ति बताया। परेश रावल ने यह भी कहा कि उनके अनुभव में सलमान खान का बर्ताव हमेशा फ्रेंडली रहा है और उन्हें कभी भी काम के दौरान कोई दिक्कत नहीं हुई।
दोस्ती और फिल्मों का लंबा सफर
परेश रावल और सलमान खान 90 के दशक से साथ काम कर रहे हैं। इन दोनों की जोड़ी ने ‘अंदाज अपना-अपना’, ‘औजार’, ‘हर दिल जो प्यार करेगा’, ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’, ‘रेडी’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी आधा दर्जन से अधिक सुपरहिट फिल्मों में दर्शकों का मनोरंजन किया है। इसके अलावा, ‘जब प्यार किसी से होता है’ में परेश रावल का कैमियो भी काफी यादगार रहा था। परेश रावल के इस बयान ने सोशल मीडिया पर सलमान खान के फैंस को बड़ी राहत दी है, जो लंबे समय से अपने चहेते स्टार का बचाव कर रहे थे।



