गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा के रोडशो के दौरान एक नाबालिग लड़के के शिकार होने का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि 12-13 साल के मासूम की क्या गलती थी? सीएम योगी ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे और सड़क पर अराजकता करने वालों को ढूंढकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सपा पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि हर माफिया समाजवादी पार्टी का सगा है। उन्होंने माफिया तत्वों की तुलना कुत्ते की टेढ़ी पूंछ से करते हुए कहा कि ऐसे लोग सुधरने वाले नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि माफियागिरी दिखाने वालों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर अराजकता करने वालों को ढूंढा जाएगा। उन्होंने प्रशासन से ऐसी कार्रवाई करने को कहा, जिसे कई पीढ़ियां याद रखें। सीएम योगी ने यह भी कहा कि अच्छी सड़कें सपा-कांग्रेस के गुंडों के लिए नहीं हैं।
तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण की बात
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण की नीति पर काम करती है। उन्होंने प्रकृति और पर्यावरण की चिंता को आस्था से जोड़ते हुए कहा कि प्रकृति की चिंता वही करेगा, जिसमें आस्था होगी।
2017 से पहले के हालात का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में खनन माफिया और वन माफिया सक्रिय थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार में ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।











