नई दिल्ली। सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर पैर जमाने में कामयाब हो गई है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं और इसका सीधा असर इसकी कमाई पर भी दिखा। पहले दिन भले ही फिल्म सिर्फ 5.75 करोड़ का कलेक्शन कर पाई थी, लेकिन दूसरे दिन इसने जबरदस्त वापसी करते हुए 13.50 करोड़ की कमाई की। यानी महज 24 घंटे में फिल्म की कमाई में 134.8 प्रतिशत की शानदार ग्रोथ दर्ज हुई।
दो दिन का कलेक्शन
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे दिन फिल्म को 8,071 शोज मिले और 34 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। दो दिन में फिल्म ने कुल 19.25 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 22.91 करोड़ हो गया है। विदेशी बाजार में फिल्म ने दूसरे दिन 2 करोड़ कमाए और अब तक का ओवरसीज कलेक्शन 3.50 करोड़ पहुंच गया है। इस तरह फिल्म ने दुनियाभर में 26.41 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
इन फिल्मों को छोड़ा पीछे
‘बंटवारा 1947’ ने दूसरे दिन की कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है। रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ ने अपने दूसरे दिन 6.25 करोड़, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर ‘पति पत्नी और वो दो’ ने 5.75 करोड़, ‘चांद मेरा दिल’ ने 3.75 करोड़ और ‘इक्कीस’ ने 3.50 करोड़ ही कमाए थे। इन सबकी तुलना में ‘बंटवारा 1947’ ने दूसरे दिन सबसे ज्यादा कमाई की है।
कौन-कौन है फिल्म में?
सनी देओल के साथ इस फिल्म में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और करण देओल जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। राजकुमार संतोषी ने फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि आमिर खान ने इसे प्रोड्यूस किया है। 1947 के भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में सनी देओल एक बार फिर अपने दमदार एक्शन अवतार में नजर आए, जबकि शबाना आजमी के किरदार की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म का कलेक्शन किस रफ्तार से आगे बढ़ता है।















