राजधानी दिल्ली से एक बेहद विचलित और गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रदर्शन के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों पर अचानक कुछ मवालियों ने हमला कर दिया। इस घटना के जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, वे किसी को भी झकझोर कर रख देने वाले हैं। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि मवाली महिलाओं के साथ न केवल मारपीट कर रहे हैं, बल्कि उनके बाल पकड़कर घसीटते और उनके कपड़े फाड़ने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
इस पूरी घटना के बाद तब और अधिक हड़कंप मच गया जब हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी भैया ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हमले में शामिल युवकों को अपना कार्यकर्ता बताया और घटना की खुलकर जिम्मेदारी ली। उनकी इस पोस्ट ने आम लोगों के साथ-साथ नागरिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को भी स्तब्ध कर दिया है।
घटना के बाद अब प्रशासन और दिल्ली पुलिस की भूमिका को लेकर भी कई तीखे सवाल खड़े किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और सामान्य नागरिकों या मीडियाकर्मियों तक को जाने की इजाजत नहीं दी जा रही थी, तब यह सवाल उठता है कि ये उपद्रवी आखिर इतनी आसानी से वहां कैसे दाखिल हो गए?
इसके अलावा, सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि वायरल वीडियो और खुलेआम जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक सख्त कानूनी कदम क्यों नहीं उठाए गए हैं। महिलाओं के साथ सार्वजनिक रूप से हुई इस बर्बरता ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के दावों की पोल खोलकर रख दी है।



