मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्कूल आते-जाते समय एक किशोरी से लगातार छेड़छाड़ की जा रही थी। जब पीड़ित छात्रा और उसके परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया, तो दबंग शोहदों ने सारी हदें पार कर दीं।
आरोपी युवकों ने छात्रा को जबरन घर में खींचकर उसके साथ बदसलूकी की और बीच-बचाव करने आई उसकी मां और मौसी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस खौफनाक घटना से डरी-सहमी छात्रा ने अब डर के मारे स्कूल जाना भी छोड़ दिया है। पीड़ित परिवार ने इलाके के ही रहने वाले वसीम और सलमान नाम के दो युवकों पर छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात की शिकायत लेकर जब पीड़ित छात्रा और उसके परिजन स्थानीय थाने पहुंचे, तो लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित परिवार पिछले कई दिनों से थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की इस घोर लापरवाही के बाद अब आला अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की जा रही है।













