मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस शमिता शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उनकी उम्र और शादी को लेकर भद्दे कमेंट्स करने वाले ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बेबाक पोस्ट साझा करते हुए शमिता ने महिलाओं की पर्सनल चॉइस (व्यक्तिगत पसंद) पर सवाल उठाने वालों की पुरानी सोच की कड़ी आलोचना की है।
उम्र और लुक पर दिया जवाब
उम्र के साथ लुक बदलने पर आने वाले कमेंट्स का जवाब देते हुए शमिता ने लिखा, “हां, मैं अलग दिखूंगी। समय के साथ चीजें बदलती हैं, यह जीने का नेचुरल तरीका है। फिजिकल अपीयरेंस सहित कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता! लेकिन अपनी उम्र के हिसाब से मैं हेल्दी, फिट और खुश हूं और भगवान ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए दिल से शुक्रगुजार हूं। मेरे लिए बस यही मायने रखता है।”
शादी के सवाल पर भड़कीं एक्ट्रेस
‘समय पर’ शादी न करने की नसीहत देने वालों को आड़े हाथों लेते हुए शमिता ने इसे पुरुष-प्रधान और पिछड़ी सोच बताया। उन्होंने लिखा, “आपने शादी करके क्या उखाड़ लिया है भाई? सबसे ज़रूरी बात यह है कि आप हम सिंगल औरतों को क्यों फॉलो करते हैं ताकि हमें एज शेम (उम्र को लेकर बुराई) कर सकें और अपनी इस सोच से परेशान करें! प्लीज मुझ पर एक एहसान करो और मुझे तुरंत अनफॉलो कर दो!”
फिल्मों से रियलिटी शो तक का सफर
शमिता शेट्टी ने साल 2000 में आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी सुपरहिट फ़िल्म ‘मोहब्बतें’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसके लिए उन्हें आईफा (IIFA) अवॉर्ड फॉर स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर (फीमेल) भी मिला था। इसके बाद उन्होंने ‘फरेब’ और ‘जहर’ जैसी कुछ फिल्मों में काम किया। पिछले कुछ सालों में शमिता ने ‘खतरों के खिलाड़ी’, ‘बिग बॉस OTT 1’ और ‘बिग बॉस 15’ जैसे रियलिटी शो में हिस्सा लेकर दर्शकों के बीच अपनी एक नई पहचान बनाई है।














