वाराणसी : पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो नकली पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को ठगता था। इस युवक को चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा इलाके से गिरफ्तार किया गया है और इसकी पहचान राजन प्रजापति के रूप में हुई है।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, राजन प्रजापति नकली पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों में डर पैदा करता था। वह खुद को पुलिसवाला बताकर लोगों पर रौब जमाता था और बनारस से लखनऊ तक अपनी पहुंच बनाता था।
लोगों से पैसे ऐंठता था
शुरुआती जांच में पता चला है कि राजन प्रजापति नकली पुलिसवाला बनकर अलग-अलग केस निपटाने और लोगों से पैसे ऐंठता था। वह शिवपुर में रहता है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी
वाराणसी पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है जो नकली वर्दी और ID कार्ड का इस्तेमाल करके हमारे लोगों को ठगते हैं। पुलिस का कहना है कि राजन प्रजापति अकेला नहीं था, उसकी और उसके साथियों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने कहा – बिना वेरिफिकेशन के किसी भी व्यक्ति पर पुलिस अधिकारी के तौर पर भरोसा न करें
वही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना वेरिफिकेशन के किसी भी व्यक्ति पर पुलिस अधिकारी के तौर पर भरोसा न करें। अगर किसी की पहचान पर कोई शक हो, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करें। नकली पुलिसवाले अक्सर लोगों को गुमराह करने के लिए वर्दी, नेम प्लेट और गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने इस कार्रवाई को अपनी सतर्कता का नतीजा बताया है। राजन प्रजापति के खिलाफ चोलापुर थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ में और खुलासे होने की उम्मीद है।













