पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मालवा क्षेत्र में चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ के तीसरे दिन भाजपा और सांप्रदायिक ताकतों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाबियों को देशद्रोही ठहराने और वोटों के लिए सदियों पुराने भाईचारे की मजबूत डोरियों को तोड़ने की साजिश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बठिंडा से यात्रा की शुरुआत की और श्री दमदमा साहिब में माथा टेका। उन्होंने चेतावनी दी कि पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा अपनाई गई “डर और बंटवारे की राजनीति” अब पंजाब में लागू करने की साजिश रची जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग देश के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां देने वाले हैं और वे ऐसी ताकतों को मुंह तोड़ जवाब देंगे।

भगवंत सिंह मान ने बेअदबी मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ लागू जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार अधिनियम-2026 का जिक्र करते हुए कहा कि अब किसी भी अपराधी को ‘मानसिक रोगी’ होने का बहाना काम नहीं आएगा। कानून के तहत सरपरस्त और साजिशकर्ताओं को उम्रकैद और 50 लाख रुपए तक का जुर्माना भुगतना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और सांप्रदायिक पार्टियां पंजाब में भाईचारे को तोड़ने के नापाक मंसूबे रच रही हैं, लेकिन पंजाबियों की एकता और सांस्कृतिक पहचान इन प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी। पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वहां भाजपा के सत्ता में आने के बाद हर तरफ भय और खौफ का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री ने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देशभक्ति के सर्टिफिकेट बाँटने वाली शक्तियों ने कभी 52 साल तक अपने हेडक्वार्टर पर तिरंगा नहीं फहराया। उन्होंने पंजाबियों की देशभक्ति और कुर्बानी का जिक्र करते हुए कहा कि 1947 के विभाजन में पंजाब ने सबसे ज्यादा दुःख सहा और अब ऐसे लोगों को देशद्रोही ठहराने की कोशिश की जा रही है।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता को पंजाब के भाईचारे और सामाजिक सद्भावना की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “पंजाब में भाईचारे को तोड़ने वाले घिनौने एजेंडों को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। पंजाब पंजाबियों का है और इसे बचाने के लिए हम हर कदम उठाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने धन्यवाद व्यक्त किया कि उन्हें इस ऐतिहासिक कानून को लागू करने की शक्ति मिली, जिससे भविष्य में बेअदबी की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद उन्हें लगातार उत्साह और शक्ति प्रदान कर रहा है।













