महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के छठ पूजा और भोजपुरी गानों को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। बिहार के महापर्व छठ और भोजपुरी गीतों को महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमला बताने वाले राज ठाकरे पर अब जन सुराज के प्रमुख और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज ठाकरे को निशाने पर लेते हुए मीडिया से ऐसे नेताओं को तवज्जो नहीं देने की अपील की।
‘राज ठाकरे जैसे लंपट लोगों को बेवजह जगह देते हैं’
राज ठाकरे के कदम को लेकर सवाल पूछे जाने पर प्रशांत किशोर ने मीडिया के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “आप लोग राज ठाकरे जैसे लंपट लोगों को बेवजह जगह देते हैं। इस आदमी को जब कोई नहीं पूछता, तो ये यूपी-बिहार के लोगों के बारे में बोलकर मीडिया में जगह पाता है। ऐसे लोगों को बिल्कुल तवज्जो और जगह नहीं देनी चाहिए।”
‘राज ठाकरे कहां हैं, कौन पूछता है?’
प्रशांत किशोर ने मनसे प्रमुख पर हमला जारी रखते हुए उनकी राजनीतिक स्थिति और बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “राज ठाकरे कहां खड़े हैं, उनको खुद नहीं पता। कभी पीएम मोदी का गुणगान करने लगते हैं, अगले दिन उनकी शिकायत करने लगते हैं। कभी इधर हो जाएंगे, कभी उधर हो जाएंगे। उनका एक ही एजेंडा है कि किसी तरह से मीडिया में बने रहें।”
‘महाराष्ट्र में बीजेपी-NDA की सरकार, राज ठाकरे की नहीं’
जन सुराज प्रमुख ने आगे कहा कि जब राज ठाकरे को छह महीने तक कोई नहीं पूछता, तो वह यूपी और बिहार के लोगों के खिलाफ बयान देने लगते हैं।
उन्होंने कहा, “वरना कौन पूछ रहा है कि राज ठाकरे कहां हैं? वहां पर सरकार एनडीए और बीजेपी की है। अगर हिंदीभाषियों के खिलाफ कुछ होगा तो बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग बीजेपी से सवाल पूछेंगे, उनसे जवाब मांगेंगे। किसी के पिताजी का राज थोड़े ही है। राज ठाकरे कौन हैं?”
छठ पूजा और भोजपुरी गानों पर क्या बोले थे राज ठाकरे?
दरअसल, मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने बिहार के महापर्व छठ पूजा और भोजपुरी गानों को महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमला बताया था। इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर बजाए जा रहे भोजपुरी गानों को भी बंद करवा दिया था। उनके इस कदम को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में प्रशांत किशोर ने राज ठाकरे पर तीखा हमला बोला है।













