भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज से पहले भारतीय फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी यह है कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को खेलने के लिए पूरी तरह फिट घोषित कर दिया गया है। धर्मशाला के मैदान पर कदम रखते ही रोहित शर्मा के नाम एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा, जिसे आज तक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं छू सका है।
टूटने वाला है मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड
अगर रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ पहला वनडे मैच खेलते हैं, तो वह भारत की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह दिग्गज मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त करेंगे। अमरनाथ ने 39 साल और 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे खेला था, जबकि 13 जून को मैदान पर उतरते ही रोहित की उम्र 39 साल और 44 दिन हो जाएगी। वैसे, दुनिया में सबसे उम्रदराज वनडे खिलाड़ी का ओवरऑल रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नोलन क्लार्क (47 साल 257 दिन) के नाम है।
विराट-हार्दिक इंजरी के कारण बाहर, यशस्वी की एंट्री
इस सीरीज में भारतीय टीम को अपने दो बड़े स्टार्स विराट कोहली और हार्दिक पांड्या के बिना ही मैदान पर उतरना होगा। विराट कोहली इस समय हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं, जबकि हार्दिक पांड्या के बाएं पैर में निगल (हल्की चोट) है। विराट की गैरमौजूदगी में युवा सनसनी यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में सीनियर खिलाड़ी के तौर पर रोहित शर्मा पर जिम्मेदारी काफी बढ़ जाएगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित का दमदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा का अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अब तक खेले 3 मुकाबलों में 75 की बेहतरीन औसत और 127 के स्ट्राइक रेट से 150 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार शतक भी शामिल है। इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित का बल्ला शांत रहा था, लेकिन फैंस को उम्मीद होगी कि वह इस ऐतिहासिक मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ एक बार फिर बड़ी पारी खेलेंगे।














