भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश की राजनीति का युवा चेहरा, समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों का विवाह कार्यक्रम राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित रमाडा होटल में 4 दिसंबर को आयोजित होना तय हुआ है।
प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के मछलीशहर संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं और पूर्व सांसद तूफानी सरोज की सुपुत्री हैं। क्रिकेट और राजनीति जगत के दो चर्चित चेहरों की इस जोड़ी को लेकर दोनों के प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
मिली जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई का कार्यक्रम पिछले वर्ष लखनऊ के सेंट्रम होटल में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में बेहद सादगी और गरिमा के साथ संपन्न हुआ था। अब शादी की तारीख नजदीक आने के साथ ही दोनों परिवारों में तैयारियों का माहौल शुरू हो गया है। लखनऊ में होने जा रहे इस हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह में खेल, राजनीति और समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।












