मुंबई: फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने अपनी नई फिल्म ‘Police Company’ का ऐलान किया है। इस फिल्म में अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म की घोषणा करते हुए इसकी कहानी की झलक साझा की।
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि उनकी अगली फिल्म ‘Police Company’ टी-सीरीज के बैनर तले बनाई जा रही है। उन्होंने फिल्म को लेकर लिखा कि पुलिस एक संस्था है, जबकि अंडरवर्ल्ड एक पैसा कमाने वाली व्यवस्था है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि जब किसी संस्था को सत्ता मिलती है तो वह किस तरह ताकतवर बन जाती है।
फिल्म की कहानी डेविड और छोटा राजन के बीच हुए गैंग वॉर और मुंबई अंडरवर्ल्ड की घटनाओं से प्रेरित बताई गई है। राम गोपाल वर्मा ने बताया कि 1997 से 2004 के बीच एक स्पेशल स्क्वॉड बनाया गया था, जिसने 300 से ज्यादा गैंगस्टर्स को खत्म किया था। फिल्म की कहानी इसी स्क्वॉड के एक सदस्य दया नायक से प्रेरित है, जिसका किरदार हर्षवर्धन राणे निभाएंगे।
राम गोपाल वर्मा ‘सत्या’, ‘कंपनी’, ‘शिवा’, ‘क्षण क्षणम’ और ‘प्रेमा कथा’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। वहीं हर्षवर्धन राणे आखिरी बार फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ में नजर आए थे।















