अयोध्या: भव्य और दिव्य महल में विराजमान रामलला के प्रति देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का अंदाजा मंदिर को मिलने वाले चढ़ावे से लगाया जा सकता है। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला को हर महीने औसतन 5 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिल रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में ट्रस्ट के विभिन्न बैंक खातों में कुल 1940 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि जमा है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राम मंदिर को कुल 220.81 करोड़ रुपये की बंपर आय प्राप्त हुई है। इसमें से डिजिटल क्रांति के दौर में भक्तों ने ऑनलाइन दान के रूप में 8.33 करोड़ रुपये मंदिर को भेजे हैं। वहीं, सालभर के भीतर रामलला के दरबार में रखे मुख्य दानपात्रों से ट्रस्ट को कुल 54.79 करोड़ रुपये की नकदी प्राप्त हुई है। इस अपार धनवर्षा के बीच, मंदिर के भव्य निर्माण और अन्य विकास कार्यों पर अब तक 1800 करोड़ रुपये की बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है।
रामलला के दरबार में आने वाले इस भारी-भरकम चढ़ावे की पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। हर दिन दानपात्र से निकलने वाली नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों की गिनती के लिए बकायदा 40 लोगों की एक विशेष टीम तैनात रहती है, जो कड़ी निगरानी और सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के साए में इस पूरी गणना प्रक्रिया को अंजाम देती है।














