ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे थे। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी। नोएडा पुलिस के मुताबिक, इस अग्निकांड में अब तक 9 यात्रियों की मौत हो चुकी है।
ग्रेटर नोएडा से आगरा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, स्लीपर बस ग्रेटर नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही यात्रियों में मची अफरा-तफरी
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, बस में आग लगने का पता चलते ही चालक ने बस को किनारे रोक दिया। इसके बाद कई यात्री बस से बाहर निकल गए। पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट में भी यात्रियों के बस से कूदकर जान बचाने की जानकारी सामने आई थी।
हादसे में 9 यात्रियों की मौत
अब नोएडा पुलिस से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, बस में लगी आग के इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।














