गोरखपुर: गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से लौट रही 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को रास्ते में रोककर मोबाइल नंबर मांगने और अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने छात्रा से कहा कि, ‘मैं तुम्हें बहुत चाहता हूं, नंबर ले लो, बात करते रहना।’ छात्रा के विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
स्कूल से लौटते समय रास्ते में रोकने का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में छात्रा की मां ने बताया कि 15 सितंबर को उनकी 17 वर्षीय बेटी एक इंटर कॉलेज पढ़ने गई थी। दोपहर में बनौड़ा और बेलवा डाड़ी के बीच गांव जाने वाली सड़क पर पहुंचने पर आरोप है कि पहले से मौजूद गांव के युवक ने उसे अकेला देखकर रास्ते में रोक लिया।
मोबाइल नंबर मांगने और अभद्र भाषा का आरोप
आरोप है कि युवक ने छात्रा से मोबाइल नंबर मांगा और कहा, ‘मैं तुम्हें बहुत चाहता हूं, नंबर ले लो, बात करते रहना।’ किशोरी के नंबर देने से मना करने पर आरोपित ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसे धमकाया।
घर पहुंचने के बाद छात्रा ने घटना की जानकारी अपने स्वजनों को दी। तहरीर के मुताबिक, घटना को लेकर उलाहना देने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। साथ ही जान से मारने और किशोरी की जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज
प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आशुतोष पुत्र राकेश, राजेश व राकेश पुत्र बालि करण, छोटू पुत्र चंद्रशेखर, विश्वनाथ पुत्र सोहरत तथा रामसफल पुत्र वीरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।













