मेरठ। जनपद के बहसूमा थानाक्षेत्र में 7 वर्षीय अंगदवीर की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मृतक की मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मासूम की हत्या उसकी अपनी मां ने ही अपने प्रेमी अर्पित शर्मा के साथ मिलकर की थी, क्योंकि दोनों की शादी में बेटा रोड़ा बन रहा था। पुलिस इससे पहले 16 जून की रात को ही आरोपी अर्पित को गिरफ्तार कर चुकी थी।
कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा?
पुलिस ने जब आरोपी अर्पित और गुरप्रीत के मोबाइल फोन की जांच की तो दोनों के बीच लगातार हुई बातचीत, चैट्स और वीडियो कॉल के सुबूत मिले। गुरप्रीत ने 16 जून को अर्पित से हुई अपनी सभी कॉल डिटेल्स और मैसेज डिलीट कर दिए थे, लेकिन पुलिस की तकनीकी टीम ने सारा डाटा रिकवर कर लिया। इससे साफ हो गया कि गुरप्रीत को पहले से पता था कि उसका प्रेमी अर्पित 16 जून को अंगद को कार में लेकर हत्या के इरादे से ले जा रहा है। दोनों के बीच हत्या के दौरान और उसके बाद भी लगातार बातचीत होती रही।
दुनिया के सामने रो-रोकर करती रही नाटक
16 जून को जब अंगदवीर के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई, तब गुरप्रीत सबके सामने एक अच्छी मां होने का ढोंग करती रही। वह पड़ोसियों और रिश्तेदारों के गले लग-लगकर बेटे के लिए रोती-बिलखती रही। लेकिन जैसे ही उसे पता चला कि पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें अंगद एक वैगनआर कार में जाता दिख रहा है और पुलिस उस कार के मालिक को ट्रेस कर रही है, तो वह घबराकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे लगा कि अब उसका सच सबके सामने आ जाएगा।
क्यों की अपने ही बेटे की हत्या?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गुरप्रीत और अर्पित शादी करना चाहते थे, लेकिन अंगदवीर उनके इस रिश्ते में रोड़ा बन रहा था। हत्या से दो दिन पहले ही मासूम ने अपनी मां और अर्पित को एक साथ देख लिया था। इसके अलावा, गुरप्रीत का अभी तक अपने पति गुरसेवक से तलाक नहीं हुआ था और तलाक के बाद बेटे को अपने साथ रखना पड़ता, इसलिए भी उसने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही जिगर के टुकड़े को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने बताया
एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, बहसूमा में बच्चे की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही सर्विलांस, स्वाट टीम और पुलिस की चार टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई थी। जांच के आधार पर अर्पित शर्मा को हिरासत में लिया गया, जिसने बताया कि वह अंगदवीर को कार में लेकर जंगल गया और वहां उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर शव भी बरामद कर लिया गया। गुरप्रीत ने खुद अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अब उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।













