डेस्क : मथुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान से आ रही पिकअप गाड़ी को पकड़ लिया। खाद्य सुरक्षा टीम ने कोसी कलां के जिंदल चौकी के पास घेराबंदी कर पिकअप को रोका और उसकी जांच की। तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 1000 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, बरामद पनीर को बाजार में खपाने की तैयारी थी। टीम ने पनीर की जांच के बाद उसे संदिग्ध पाया। जब्त किए गए पनीर की कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने पूरी खेप को जब्त कर लिया। इसके बाद करीब 1000 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसे बाजार में खपाया न जा सके।खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और सप्लाई करने वालों में हड़कंप मच गया। राजस्थान से मथुरा लाई जा रही पनीर की इस खेप को लेकर विभाग ने कार्रवाई की है।
फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों की कार्रवाई के बाद मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर भी नजर रखी जा रही है।



