मुंबई: दर्शकों को लंबे समय से इंतज़ार था, और आखिरकार फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। ट्रेलर में राघव जुयाल का एक बिल्कुल नया और निराला ‘अजय सिंह’ वाला कॉमिक अवतार देखने को मिला है। ‘किल’ जैसी सीरियस फिल्मों के बाद राघव का यह अंदाज़ दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।
ट्रेलर की शुरुआत एक दिलचस्प डायलॉग— “एक एक्टर का सबसे बड़ा टैलेंट अपनी बकवास पर यकीन करना है”—से होती है, जो फिल्म के मिज़ाज को साफ कर देता है। यह फिल्म कॉमेडी, ड्रामा और भरपूर मनोरंजन का एक फैमिली पैकेज है। ट्रेलर में अजीबोगरीब स्थितियां, किरदारों का मेलोड्रामा और हंसी के ठहाकों से भरे कई पल देखने को मिल रहे हैं।
फिल्म के मुख्य अभिनेता राघव जुयाल ने अपने किरदार ‘अजय सिंह’ के बारे में बताते हुए कहा, “यह किरदार ड्रामैटिक, अनप्रिडिक्टेबल और हमेशा एंटरटेनिंग है। मुझे इसे पर्दे पर उतारने में बहुत मज़ा आया।” वहीं, फिल्म के निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल ने इसे एक सेलिब्रेशन बताते हुए कहा कि यह फिल्म खुद को बहुत सीरियसली नहीं लेती, जो इसे और भी मज़ेदार बनाता है।
इस फिल्म में राघव जुयाल के साथ संजय कपूर, चंदन रॉय सान्याल, निहारिका एन, निकी अनेजा वालिया, बरखा सिंह और विवान भटेना जैसे कई मंझे हुए कलाकार नज़र आएंगे। ईस्टवुड पिक्चर्स और इंडियन स्टोरीज़ 2 द्वारा निर्मित यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। अपनी कॉमेडी टाइमिंग और शानदार स्टार कास्ट के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।



