इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सदमे में आ गई और बेटे का शव देखते ही उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली भरथना क्षेत्र के ढकपुरा गांव निवासी 55 वर्षीय राकेश पाठक का जयपुर में निधन हो गया था। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जब राकेश पाठक का शव गांव पहुंचा तो उनकी बुजुर्ग मां बिटोला देवी बेटे का शव देखकर गहरे सदमे में चली गईं। परिजनों के मुताबिक, बेटे की मौत का गम वह सह नहीं पाईं और कुछ ही समय बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक ही घर में मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में जिसने भी यह घटना सुनी, वह स्तब्ध रह गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसके बाद बेहद भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब एक ही घर से मां-बेटे की अर्थियां एक साथ उठीं। ग्रामीणों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी। घटना के बाद पूरे ढकपुरा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।



