बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए खुर्जा नगर थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
बता दें, पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों के इंजन और चेचिस नंबर बदलकर उन्हें बाजार में ग्राहकों की मांग यानी ‘ऑन डिमांड’ बेचते थे। वाहन चोरों के इस नेटवर्क के पकड़े जाने से पुलिस ने कई मामलों का खुलासा किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनिल, सलीम, असलम, पवन और प्रमोद के रूप में हुई है। इनमें मुख्य आरोपी अनिल का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है, जिसके खिलाफ अकेले 36 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार अन्य किन जिलों से जुड़े हुए हैं और इनके अन्य साथी कहां-कहां सक्रिय हैं।
खुर्जा नगर थाना पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र के वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।















