लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी सियासी हलचलों के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेहद सख्त और सीधी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाने का बड़ा आरोप लगाया है। सपा प्रमुख ने स्पष्ट कियाकिया कि देश और प्रदेश की राजनीति में विपक्ष का गठबंधन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।
वही अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में गठबंधन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा, “जो INDIA गठबंधन था, वही INDIA गठबंधन रहेगा, और इसने अभी देश में और उत्तर प्रदेश में मिलकर BJP को पटखनी दी है।” चुनावी रणनीतियों और भविष्य के गठबंधनों को लेकर आ रहे बयानों पर कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ऐसे बहुत से लोग सामने आएंगे और गठबंधन की राह में बहुत सी रुकावटें पैदा करने की कोशिशें की जाएंगी।
अखिलेश यादव ने ओवैसी और उनकी पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि ऐसे जितने भी लोग अलग-अलग राग अलाप रहे हैं, वे सब असल में जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाकर बीजेपी को राजनीतिक फायदा पहुंचाना चाहते हैं। आपको बता दें कि इससे पहले भी समाजवादी पार्टी के कई नेता ओवैसी की पार्टी AIMIM को भाजपा की ‘बी टीम’ बता चुके हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश यादव का यह आक्रामक रुख साफ करता है कि सपा सूबे में मुख्य विपक्षी चेहरे के तौर पर किसी भी अन्य दल को मुस्लिम और पिछड़ा वर्ग के वोटों में सेंधमारी करने की इजाजत नहीं देना चाहती।



