अररिया: बिहार के अररिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तिलक समारोह से लौट रही लड़की पक्ष की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में ड्राइवर समेत वाहन में सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर नदी में गिरी स्कॉर्पियो
यह हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग अररिया जिले के सिकटी स्थित भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे मरिया नदी में जा गिरी।
एक ही गांव के रहने वाले हैं सभी मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों की उम्र 15 से 28 वर्ष के बीच थी। बताया जा रहा है कि वाहन में एक ही घर के बच्चे भी सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की तैयारी
हादसे में जान गंवाने वाले सभी 6 लोगों के शव सदर अस्पताल लाए गए हैं, जहां पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। सदर अस्पताल के डॉक्टरों और मुख्यालय डीएसपी ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।












