राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर और संसद चलो मार्च के दौरान हिरासत में ली गई छात्र और युवा शक्ति के समर्थन में आम आदमी पार्टी (AAP) पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर आई है। पार्टी का दावा है कि उनके द्वारा शुरू की गई ‘AAP Student Helpline (8588833548)’ पर लगातार फोन और संदेश आ रहे हैं, जिसके माध्यम से अब तक करीब 500 से अधिक छात्रों और युवाओं को जरूरी सहायता पहुंचाई जा चुकी है।

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सख्त निर्देशों के बाद ‘आप’ की लीगल टीम लगातार थानों के चक्कर काट रही है। खुद अरविंद केजरीवाल मंदिर मार्ग थाने पहुंचे, जहां उन्होंने हिरासत में रखे गए छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक सभी बच्चों को रिहा नहीं किया जाता, वे थाने से नहीं हिलेंगे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर मार्ग और पार्लियामेंट थाने समेत अन्य जगहों से 70 से 80 छात्रों को सकुशल रिहा करा दिया।

लापता छात्र को परिवार से मिलाया और हेल्पलाइन सक्रिय

पार्टी ने जानकारी दी है कि अशोक विहार क्षेत्र से कुछ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, साथ ही एक लापता छात्र का पता लगाकर उसे उसके परिजनों तक पहुंचाया गया है। ‘आप’ नेताओं का कहना है कि यह केवल कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई है। इसी उद्देश्य से मेडिकल और लीगल हेल्प के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू की गई है, ताकि संकट के समय किसी भी छात्र को अकेला महसूस न होना पड़े।

पार्टी का यह भी कहना है कि जिस प्रकार किसानों के आंदोलन के दौरान उनकी आवाज को हर स्तर पर बुलंद किया गया था, उसी प्रकार आज भी पार्टी छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और युवाओं का साथ देना नैतिक जिम्मेदारी भी है।

Cutting Chai: जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन... BJP vs CJP को लेकर Lucknow में भिड़ गई जनता! |NEET

शेयर करना
Exit mobile version