उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र स्थित एक मॉडल शॉप का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब 10 से 12 साल का एक मासूम बच्चा बेझिझक काउंटर पर बीयर और शराब खरीदने पहुंचा, जिसे सेल्समैन बिना किसी हिचकिचाहट के बोतल देने लगा। आबकारी नियमों की धज्जियां उड़ाते इस वाकये पर जब मौके पर मौजूद एक जागरूक ग्राहक ने कड़ा विरोध जताया, तो सेल्समैन ने शर्मिंदा होने के बजाय उल्टे दबंगई और गाली-गलौज शुरू कर दी।
ग्राहक द्वारा कानून और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत का हवाला देने पर सेल्समैन ने बेपरवाह अंदाज में कहा, “बच्चा हो या बड़ा, जो पैसे देगा उसे शराब मिलेगी… जिसे शिकायत करनी है कर दो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” बहस के दौरान जब ग्राहक ने बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाने की बात कही, तो शराब के असर में घिरे मासूम बच्चे ने भी ग्राहक को ‘अपने काम से काम रखने’ की हिदायत दे डाली, जिसने कम उम्र में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों की गंभीर तस्वीर बयां की है।
गौरतलब है कि आबकारी नियमों के अनुसार 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को शराब बेचना गंभीर दंडनीय अपराध है, जिसमें दुकान का लाइसेंस रद्द करने और कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई का कड़ा प्रावधान है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों और नेटिजन्स में आबकारी विभाग व पुलिस की भूमिका को लेकर भारी आक्रोश है। लोग आरोपी सेल्समैन की गिरफ्तारी और मॉडल शॉप का लाइसेंस तत्काल निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।














