गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे के चौथे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में भक्ति, वात्सल्य और जनसेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। अपनी दिनचर्या के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रातकाल गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और महायोगी गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गौशाला में जाकर गौ सेवा की और परिसर का भ्रमण करते हुए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान मंदिर परिसर में एक बेहद भावुक और आत्मीय दृश्य भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने एक छोटे बच्चे को दुलारते हुए उसका अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इसके पश्चात गोरखनाथ मंदिर परिसर में पारंपरिक ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां प्रदेश के कोने-कोने से अपनी समस्याएं और फरियाद लेकर लोग पहुंचे थे।
जनता दरबार में आए एक-एक फरियादी के पास खुद जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी समस्याएं बेहद ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र स्वीकार किए। इस मौके पर पुलिस और प्रशासनिक महकमे के तमाम आला अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और न्यायपूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने ताकीद की कि किसी भी पीड़ित को परेशान न होना पड़े और हर फरियादी को त्वरित राहत मिले।



