Lucknow: उत्तर प्रदेश के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (JEECUP) ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ा दिया है। अब छात्र 10 मई 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय की गई थी।
छात्रहित में लिया गया फैसला
परीक्षा परिषद के अनुसार, कई छात्रों के अनुरोध और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि कोई भी पात्र अभ्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से वंचित न रहे। आवेदन प्रक्रिया JEECUP के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से जारी है।
आवेदन में सुधार और परीक्षा की शर्तें
जिन छात्रों ने आवेदन फॉर्म भर दिया है और उसमें कोई गलती हो गई है, वे 8 से 11 मई तक अपने आवेदन पत्र में ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे।
वहीं, परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश केवल ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ही होगा। अन्य किसी भी माध्यम (ऑफलाइन या डायरेक्ट) से लिया गया प्रवेश मान्य नहीं होगा।
इस साल पॉलीटेक्निक प्रवेश के लिए जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 3.80 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं, जबकि प्रदेश भर के संस्थानों में कुल 2.71 लाख से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। ऐसे में इस बार मुकाबला काफी कड़ा होने की उम्मीद है।












