कानपुर में चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार देर रात बकरा बाजार के दौरान सपा के पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी और उनके समर्थकों से जुड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया। बाजार में अवैध वसूली की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचीं नसीम सोलंकी और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी का मंडी संचालकों से विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
पूर्व विधायक इरफान सोलंकी का आरोप है कि मंडी संचालकों ने उनके गनर अजीम अहमद के साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। उनकी शिकायत पर चमनगंज पुलिस ने वफा अब्बास, फहद, इमरान समेत कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष (मंडी संचालक) ने भी पलटवार करते हुए इरफान सोलंकी और उनके समर्थकों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया, जिसके आधार पर पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने गनर को किया निलंबित
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए चमनगंज समेत आसपास के थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात किए गए। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। साथ ही, ड्यूटी में लापरवाही बरतने और भीड़ में जाने के कारण विधायक के गनर अजीम अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।












