पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की दियोरिया रेंज स्थित नवदिया बीट में वन भूमि पर कब्जे का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां भूमाफियाओं ने करीब 19 हेक्टेयर वन भूमि पर वन विभाग द्वारा कराए गए पूरे प्लांटेशन को ट्रैक्टरों से जोतकर बर्बाद कर दिया और 30 हजार से अधिक पौधों को नष्ट कर दिया। हैरानी की बात यह है कि विभाग के अफसरों तक इसकी भनक तक नहीं लगी और न ही अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
10 लाख रुपये के पौधे किए गए बर्बाद
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से इस जमीन पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया था। आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से भूमाफियाओं ने कई ट्रैक्टरों से पूरी प्लांटेशन को जोत दिया। इतना ही नहीं, वन विभाग का सूचना बोर्ड, सीमांकन के पिलर और तार की बाड़ तक को उखाड़कर फेंक दिया गया।
अफसरों की मौजूदगी में हुई तोड़फोड़
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई डीएफओ और एसडीओ की मौजूदगी के दौरान हुई, लेकिन इसके बावजूद कब्जाधारियों के खिलाफ तुरंत कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इलाके में इस बात की भी जोरदार चर्चा है कि जमीन पर अवैध कब्जा कराने के बदले कुछ अधिकारियों को भूमाफियाओं से फायदा पहुंचाया गया।
दो महीने पहले ही कराया गया था कब्जा मुक्त
बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले ही वन विभाग ने इसी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया था, लेकिन अब एक बार फिर उस पर कब्जा कर लिया गया है। इस घटनाक्रम ने वन विभाग की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वन विभाग ने बताया
सामाजिक वानिकी के डीएफओ भरत कुमार ने बताया कि जमीन को जोतकर पौधे नष्ट कर दिए गए हैं और उस पर दोबारा कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि रेंज स्तर के विभागीय अफसरों की भूमाफियाओं से मिलीभगत की गहन जांच कराई जाएगी और जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : हरि पाल सिंह/ प्रशांत शर्मा











