हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गया।
पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना सेक्टर-21C की है। जानकारी के मुताबिक, धनतेरस की रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर लगातार गोलियां चला दीं। उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई।
दो दिन पहले सिंगापुर से लौटे थे परमजीत
परमजीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। वह सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। दो दिन पहले ही वह परिवार के पास लौटे थे।
परिवार में 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही परिवार में मातम छा गया।
पहले भी दोनों परिवारों के बीच हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे सूर्य के साथ गाली-गलौज की थी। इस दौरान गेट तोड़ने का आरोप भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि आरोपी फाइनेंस का काम करता है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटीं
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से खाली कारतूसों के खोल बरामद कर जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की गई।
वारदात के बाद आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा अपने परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।













