Varanasi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में काशीवासियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की और विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए। सीएम योगी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ व मां गंगा ने प्रधानमंत्री मोदी को गरीबों की पीड़ा समाप्त करने का विशेष सामर्थ्य दिया है, जिसके चलते आज देश से असुरक्षा और भ्रष्टाचार का खात्मा हो रहा है।
सपा और कांग्रेस के मुंह पर करारा तमाचा
2014 से पहले के दौर को याद दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस समय देश का एक बड़ा हिस्सा नक्सलवाद की चपेट में था, सीमाएं असुरक्षित थीं और भ्रष्टाचार के कारण वैश्विक मंच पर भारत की छवि धूमिल हो चुकी थी। पिछली सरकारों की गलत नीतियों पर चोट करते हुए सीएम ने कहा, “जब जनधन योजना शुरू हुई, तो कांग्रेस और सपा इसका मजाक उड़ाती थीं। लेकिन जब मोदी जी ने कट और कमीशनखोरी रोकने के लिए सीधे डीबीटी का इस्तेमाल किया, तो यह उनके मुंह पर तमाचा था। एक लाचार प्रधानमंत्री कहते थे कि मैं दिल्ली से 100 रुपये भेजता हूं तो नीचे केवल 15 रुपये पहुंचते हैं, जबकि आज मोदी जी 100 रुपये भेजते हैं तो पूरा का पूरा पैसा सीधे गरीब के खाते में जमा होता है।”
काशी दे रहा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल
मुख्यमंत्री ने वाराणसी और देश में हुए ढांचागत विकास का लेखा-जोखा पेश करते हुए कहा कि जो काम पिछले 70 वर्षों में नहीं हो सके, उसे मोदी जी ने महज 12 वर्षों में सच कर दिखाया है। आज देश में दोगुनी रफ्तार से एयरपोर्ट बने हैं और रेलवे स्टेशन अब एयरपोर्ट की तरह अत्याधुनिक दिखाई देते हैं। काशी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वाराणसी आज ‘रोपवे’ के माध्यम से देश को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का एक नया और अनोखा मॉडल दे रहा है।
स्ट्रीट वेंडर्स का बढ़ा मान, वैश्विक संकट में भी मजबूत भारत
सीएम योगी ने पीएम स्वनिधि योजना की सफलता साझा करते हुए कहा, “पहले जिन रेहड़ी-पटरी वालों को कोई पूछता नहीं था, आज सरकार उन्हें पूज रही है। अकेले वाराणसी में 60 हजार वेंडर्स को पहली, 26 हजार से अधिक को दूसरी और 5 हजार वेंडर्स को तीसरी किस्त मिल चुकी है।” उन्होंने आगे कहा कि आज जहां अमेरिका जैसे विकसित देशों में महंगाई चार गुना बढ़ चुकी है और दुनिया वैश्विक ऊर्जा संकट से जूझ रही है, वहीं दूरदर्शी सोच के कारण भारत अपने नागरिकों के उत्थान की ओर मजबूती से अग्रसर है। इस कार्यक्रम के दौरान सूबे के कई वरिष्ठ मंत्री, स्थानीय विधायक और भारी संख्या में प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।













