लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायत सहायकों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि पंचायत सहायकों का मासिक मानदेय 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया जाएगा। इससे प्रदेश के 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
मानदेय में 50 फीसदी बढ़ोतरी
मंत्री ओम प्रकाश राजभर के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत के बाद पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाकर 9 हजार रुपये करने का फैसला लिया गया है। भुगतान सीधे पंचायत सहायकों के बैंक खातों में किए जाने की बात भी कही गई है।
प्रधान और सचिव नहीं हटा सकेंगे पंचायत सहायक
पंचायत सहायकों की सेवा सुरक्षा को लेकर भी बड़ा ऐलान किया गया है। अब प्रधान और पंचायत सचिव पंचायत सहायकों को सीधे पद से नहीं हटा सकेंगे। किसी पंचायत सहायक को हटाने का फैसला डीएम के नेतृत्व में गठित कमेटी की जांच के बाद ही होगा।
आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे होंगे वापस
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायत सहायकों के आंदोलन के दौरान जिन लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। कार्रवाई के चलते हटाए गए पंचायत सहायकों की बहाली की बात भी कही गई है। इसके अलावा महिला पंचायत सहायकों के लिए मातृत्व अवकाश और पंचायत सहायकों के परिवारों के लिए कैशलेस सुविधा की बात सामने आई है।
संजय निषाद के बयान पर राजभर का पलटवार
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं, इसलिए हर नेता अपना दांव आजमा रहा है। उन्होंने कहा कि संजय निषाद जितनी सीटें हारेंगे, उतनी राजभर एनडीए को जिताने की बात कह रहे हैं।
सपा पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव के सरकार से बाहर निकलने संबंधी तंज पर ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने गोंडा में व्यापारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने कानूनी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया और सरकार पीड़ित परिवार के साथ है।
राजभर ने सपा सरकार के कार्यकाल का भी जिक्र किया और कहा कि जनता उसके कारनामों को अभी भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब जनता 2027 के चुनाव में देगी और केवल बयानबाजी से सरकार नहीं बनती।



