लखनऊ : अपने बयानों से हमेशा सुर्ख़ियों में रहने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। भारत समाचार से बातचीत में राजभर ने दावा किया कि अखिलेश यादव जेल जाने से बचने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सिफारिशें कराते हैं और रात के अंधेरे में उन्हें ‘गुलदस्ता’ देने जाते हैं। राजभर ने सपा को ‘दोमुंहा सांप’ बताते हुए पंचायत चुनाव से लेकर पाकिस्तान प्रेम तक पर घेरा।
‘मुसलमानों को गुलाम बनाकर रखती है सपा’
अखिलेश यादव पर हमला जारी रखते हुए राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी में मुसलमान केवल ‘दरी बिछाने’ का काम करते हैं और गुलाम बनकर रहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी मुस्लिम नेता में इतनी हैसियत है कि वह अखिलेश यादव से खुद को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर सके? राजभर ने कहा कि चाहे कोई सांसद हो या विधायक, अखिलेश के सामने बोलने वाले की जुबान काट ली जाएगी। उन्होंने आजम खान पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे भी अखिलेश के आगे कुछ नहीं बोल पाते।
पंचायत चुनाव रुकवाने के पीछे सपा की साजिश
कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव रुकवाने के पीछे समाजवादी पार्टी का हाथ है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के उकसाने पर ही एक मुस्लिम व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कर चुनाव रुकवाया है। राजभर के मुताबिक, “अखिलेश को डर है कि अगर चुनाव हुए तो एक-एक सीट पर पांच-पांच यादव लड़ेंगे और आपसी फूट के कारण सपा 2027 के चुनाव से पहले ही बिखर जाएगी।”
संविधान और महिला आरक्षण पर घेरा
महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए राजभर ने कहा कि विपक्षी दल इस ऐतिहासिक बिल का श्रेय न मिलने के कारण विरोध कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव की मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग को असंवैधानिक बताया। राजभर ने कहा, “मुस्लिम पिछड़े वर्ग (OBC) में आते हैं, लेकिन अखिलेश संविधान से ऊपर जाकर राजनीति कर रहे हैं। वह हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, पर क्या उन्होंने इसे कभी पढ़ा भी है?”
‘पाकिस्तान से प्रेम करती है समाजवादी पार्टी’
नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन को सपा की फंडिंग करार देते हुए राजभर ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी या पाकिस्तान में कुछ होता है, तो सबसे ज्यादा तकलीफ समाजवादी पार्टी को होती है। उन्होंने कहा, “सपा के लोग पाकिस्तान का पानी पीते हैं और उन्हें वहां से बहुत प्रेम है। नोएडा प्रदर्शन की जांच होगी तो सपा के कई चेहरे बेनकाब होंगे।”
2027 में 27 सीटें भी नहीं जीत पाएगी सपा
आगामी विधानसभा चुनाव पर भविष्यवाणी करते हुए राजभर ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी अगर 27 सीटें भी जीत जाए तो बहुत बड़ी बात होगी। उन्होंने अखिलेश सरकार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय 86 में से 56 एसडीएम एक ही जाति के बनाए जाते थे। आजमगढ़ और पूर्वांचल की सीटों पर चर्चा करते हुए राजभर ने साफ किया कि एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती से लड़ेगा और वह दीदारगंज व अतरौलिया जैसी सीटों पर खुद तैयारी कर रहे हैं।



