बॉलीवुड में हर बार कुछ हटकर और नए विषयों पर फिल्में बनाने का दौर जारी है। इसी कड़ी में अब एक बेहद दिलचस्प और अनोखे टाइटल वाली फिल्म का ऐलान हो गया है, जिसका नाम ‘प्रेम कीटाणु’ (Prem Keetanu) है। हाल ही में मेकर्स ने इस फिल्म का फर्स्ट लुक और टाइटल पोस्टर रिलीज कर दिया है, जिसके सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ की स्टार कास्ट की बात करें तो इसमें कई जाने-माने और मंझे हुए कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। बता दें कि वीर पहाड़िया ने इससे पहले फिल्म ‘स्काई फोर्स’ में काम किया था, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ नजर आए थे। वहीं, ‘धुरंधर’ में अपने शानदार अभिनय से दिल जीतने वाले वरिष्ठ अभिनेता राकेश बेदी और लोकप्रिय अभिनेता अपारशक्ति खुराना का साथ इस फिल्म को और भी खास बनाता है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म के टाइटल से ही साफ है कि इसकी कहानी काफी मजेदार और आज के युवाओं के इर्द-गिर्द घूमने वाली है। यह फिल्म उन लड़कों की कहानी बयां करती है, जिन्हें कॉलेज के दिनों में न अच्छे मार्क्स मिले, न उम्मीद और न ही प्यार… उनके हिस्से में आए तो सिर्फ दोस्त और जिंदगी के ढेर सारे हार्टब्रेक्स। प्यार और परीक्षा के बीच अटके इन युवाओं की जिंदगी में आने वाली मुश्किलों और संघर्षों को बेहद हास्यप्रद और सहज अंदाज में पर्दे पर पेश किया जाएगा।
कब होगी रिलीज?
इस मनोरंजक फिल्म का निर्देशन ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और सुपरहिट वेब सीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ फेम निर्देशक अपूर्व सिंह कार्की ने किया है। अवानिका फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म गांधी जयंती के अवसर पर यानी 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना यह है कि युवाओं की यह अनोखी कहानी पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है।















