उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी और सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला है। लोकसभा चुनावों के नतीजों का याद दिलाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी शायद हालिया जनमत को भूल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए सपा का एक ही युवा ‘पीडीए (PDA) प्रहरी’ काफी है।
बता दें, अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों के मामलों में चोरों को क्लीन चिट देने वाले लोग दरअसल उनके हिस्सेदार होते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ तो नहीं हुआ, लेकिन इस बार प्रदेश की जनता इनके अहंकार का सारा पानी उतार देगी। सपा प्रमुख ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब पवन का झोंका आएगा तो सारा अहंकार उड़ जाएगा।
अयोध्या का विशेष जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के आंतरिक सर्वे में यह बात साफ हो चुकी है कि अयोध्या से उनकी पार्टी की तरफ से कोई भी नेता चुनाव नहीं लड़ना चाहता। उन्होंने कहा कि जिन्होंने दुखी मां का अपमान करते हुए अहंकारी नेताओं को देखा है, अयोध्या की वे माताएं इस बार बीजेपी का पूरा हिसाब चुकता कर देंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पावन धार्मिक स्थलों पर वनस्पतिजीवियों और पाखंडियों का कोई काम नहीं है।













