नोएडा के सेक्टर-136 स्थित सोविरेन टावर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के नेटवर्क का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के बाद नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस भी हरकत में आ गई है। आरोप है कि सेंटर में मलेशियाई और इंडोनेशियाई नागरिकों को शामिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी की जा रही थी। हैरानी की बात यह है कि वीजा शर्तों के उल्लंघन और विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट कथित तौर पर जबरन अपने पास रखने जैसी गतिविधियों की स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
164 विदेशी नागरिकों को बिजनेस वीजा पर लाए थे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई और उसके कथित करीबी साथी ने गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस से रेंट एग्रीमेंट या किसी अन्य अनुबंध का सत्यापन नहीं कराया था। आरोप है कि ठगी के नेटवर्क को संचालित करने के लिए 164 विदेशी नागरिकों को बिजनेस वीजा पर नौकरी और अच्छी कमाई का लालच देकर दिल्ली के नजदीक लाया गया था। इसके बाद सेक्टर-136 के सोविरेन टावर में ठगी का सेंटर खोला गया।
ऑनलाइन फूड डिलीवरी से आता था विदेशी नागरिकों का खाना
ठगी के सेंटर का खुलासा होने के बाद सामने आया कि वहां काम करने वाले मलेशियाई और इंडोनेशियाई नागरिक आसपास के लोगों से ज्यादा संपर्क नहीं रखते थे। टावर में काम करने वाले लोगों के मुताबिक, विदेशी नागरिकों के लिए रोजाना ऑनलाइन फूड डिलीवरी होती थी। इसके अलावा, विदेशों में नकदी ट्रांसफर करने के लिए वे टावर के पास स्थित एक चाय की दुकान पर जाते थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विदेशी नागरिक लग्जरी गाड़ियों में घूमने जाते थे। आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मौज-मस्ती में किया जाता था।
पुलिस से बचने के लिए नहीं करते थे सेंटर का विज्ञापन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त करती रहती थी। इस वजह से विदेशी नागरिकों और सेंटर संचालकों में कार्रवाई का डर बना रहता था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए सेंटर का कोई विज्ञापन नहीं किया जाता था। आसपास के लोगों को भी सेंटर के बारे में किसी से बातचीत करने की इजाजत नहीं थी।
बताया गया कि सेंटर में विदेशी नागरिकों के लिए सैकड़ों मोबाइल फोन और हाईटेक कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए थे। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद नोएडा पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी। देर शाम तक पुलिस टीम ने सेंटर में मौजूद रिकॉर्ड और कंप्यूटर सिस्टम की फाइलों को खंगालकर साक्ष्य जुटाए।
मकान मालिक और विदेशी नागरिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में नोएडा साइबर क्राइम थाने में सेंटर संचालक और विदेशी नागरिकों के खिलाफ वीजा शर्तों के उल्लंघन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमिश्नरेट पुलिस ने जारी किया बयान
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, थाना फेस-2 क्षेत्र में दिल्ली पुलिस की ओर से स्थानीय पुलिस को एक विदेशी नागरिक से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्र के संबंध में सूचना दी गई थी। शिकायत में एनसीआर क्षेत्र में विदेशी नागरिकों द्वारा सॉफ्टवेयर कंपनी के नाम पर विदेशी नागरिकों से ठगी किए जाने की जानकारी दी गई थी।
सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां साइबर अपराध से जुड़े साक्ष्य मिले। नोएडा पुलिस ने मकान मालिक और विदेशी नागरिकों द्वारा वीजा शर्तों के उल्लंघन के संबंध में अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












