दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज शनिवार को श्रीनगर के लिए इंडिगो (IndiGo) की विमान सेवा का सफल आगाज हो गया है। यह एक कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा है, जिसके शुरू होने से अब दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के उन श्रद्धालुओं के लिए अमरनाथ यात्रा बेहद सुगम हो जाएगी जो लंबे सफर की वजह से अपना प्लान नहीं बना पा रहे थे। अब यात्री इस सेवा के जरिए सीधे श्रीनगर पहुंचकर करंट पंजीकरण (करंट रजिस्ट्रेशन) करवाकर बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा कश्मीर घूमने की इच्छा रखने वाले पर्यटकों को भी इससे काफी सहूलियत होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस रूट पर दो अलग-अलग फ्लाइट्स का शेड्यूल तय किया गया है। पहली फ्लाइट सुबह 6:10 बजे नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और 7:10 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी, जहां से विमान बदलकर यात्री श्रीनगर जा सकेंगे। वहीं, दूसरी फ्लाइट सुबह 10:05 बजे नोएडा से रवाना होकर 11:20 बजे जम्मू पहुंचेगी और फिर वहां से दूसरे विमान के जरिए श्रद्धालु श्रीनगर पहुंच पाएंगे। यह महत्वपूर्ण हवाई सेवा सप्ताह में 5 दिन यानी शनिवार, रविवार, बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को संचालित की जाएगी, जिससे वीकेंड पर यात्रा करने वालों को बेहतरीन विकल्प मिलेगा।
यह नई विमान सेवा अमरनाथ यात्रियों के लिए समय की बड़ी बचत करने वाली साबित होगी। जम्मू पहुंचने के बाद श्रद्धालु सड़क मार्ग से महज 4-5 घंटे में बालटाल या पहलगाम बेस कैंप पहुंच सकते हैं, जहां से मुख्य अमरनाथ यात्रा शुरू होती है। यात्रा का प्लान करने वाले लोगों के लिए ध्यान रखने योग्य जरूरी बात यह है कि श्रीनगर के लिए यह डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है। यात्रियों को चंडीगढ़ या जम्मू में विमान बदलना होगा, इसलिए टिकट बुक करते समय ले-ओवर टाइम जरूर चेक कर लें। 15 जून से शुरू हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब तक कई शहर जुड़ चुके हैं, जिसमें बीते शुक्रवार को अजमेर और अब श्रीनगर का नाम शामिल हो गया है। फिलहाल यहां से इंडिगो और अकासा एयर अपनी सेवाएं दे रही हैं, जिसमें अकासा बेंगलुरु, मुंबई व नवी मुंबई के लिए उड़ानें भर रही है।



