नैनीताल: बेतालघाट क्षेत्र में शनिवार को पहाड़ी से दूध बहने की सूचना के बाद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। देखते ही देखते इसका वीडियो इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ लोगों ने इसे आस्था और चमत्कार से जोड़कर देखा, जबकि बाद में इसे पहाड़ी पर स्थित दुर्गापुरी मंदिर से जोड़कर देखा गया।
पहाड़ी से दूध बहता देख चौंके लोग
शनिवार को बेतालघाट मुख्य बाजार के समीप आवाजाही कर रहे लोगों ने पहाड़ी से अचानक दूध जैसा सफेद तरल बहते देखा। इसकी सूचना तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई और कई लोग वहां पहुंच गए।
इंटरनेट पर वायरल हुआ वीडियो
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर साझा करना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की चर्चा और तेज हो गई। कुछ लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए चमत्कार तक करार दिया।
दुर्गापुरी मंदिर से जोड़ा गया मामला
मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगीं। वहीं, कुछ लोगों ने पहाड़ी पर स्थित दुर्गापुरी मंदिर से दूध रिसकर पहाड़ी से निकलने की बात कही। इसके बाद इस घटना को लेकर चल रही चर्चाओं को विराम मिला।













