डेस्क : क्रिकेट जगत से एक बेहद भावुक सामने आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) द्वारा महेंद्र सिंह धोनी को टीम का नया मेंटर नियुक्त किए जाने की आधिकारिक घोषणा के बाद, उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद खूबसूरत और भावुक नोट साझा किया है। फ्रेंचाइजी के साथ धोनी के लंबे और सुनहरे जुड़ाव में एक नया अध्याय जुड़ने पर साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया और माही के जीवन के इस नए दौर के लिए शुभकामनाएं दीं।
साक्षी धोनी ने अपने संदेश में लिखा कि खूबसूरत नए चैप्टर शुरू होने के लिए कुछ पुराने चैप्टर खत्म होने जरूरी होते हैं। उन्होंने उन सभी समर्थकों और प्रशंसकों को दिल की गहराइयों से धन्यवाद दिया, जिन्होंने इतने सालों तक माही को बेइंतहा प्यार दिया, उनका साथ दिया और उन पर अटूट विश्वास जताया। उन्होंने आगे लिखा कि वह सभी के इस प्यार के लिए हमेशा आभारी रहेंगी और अब नई शुरुआत, नए एडवेंचर और कई और खूबसूरत यादों का इंतजार है। उनके इस पोस्ट पर क्रिकेट प्रेमियों की जबरदस्त प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स, जिस फ्रेंचाइजी के लिए धोनी ने कुल 17 सीजन खेले हैं, ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की कि धोनी आईपीएल (IPL) 2027 सीजन से पहले टीम के मेंटर की नई भूमिका में नजर आएंगे। इस बड़े फैसले के साथ ही साल 2008 में पहले एडिशन से शुरू हुए धोनी के शानदार आईपीएल खेल करियर का भी औपचारिक समापन हो गया है। 45 वर्षीय धोनी ने एक करिश्माई कप्तान, बेहतरीन फिनिशर और मार्गदर्शक के रूप में इस टूर्नामेंट में जो अमिट विरासत छोड़ी है, वह हमेशा याद रखी जाएगी।














