नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक मामला सामने आया है। यहां डिपार्चर गेट से एक संदिग्ध व्यक्ति ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसके पास से कोई वैध दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है।
क्विक रिस्पॉन्स टीम की सूचना पर CISF ने की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति को जबरन एयरपोर्ट के अंदर दाखिल होने की कोशिश करते देखा गया, क्विक रिस्पॉन्स टीम ने तुरंत CISF को इसकी सूचना दी। इसके बाद CISF के जवानों ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
घटना को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक के तौर पर देखा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि संदिग्ध किस उद्देश्य से एयरपोर्ट परिसर में दाखिल होना चाहता था।
CISF ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
CISF ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस घटना की जानकारी साझा की। पोस्ट में जवानों की सतर्कता और पेशेवर तरीके से की गई कार्रवाई का जिक्र किया गया।
CISF के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों की तत्परता के चलते किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते टाल दिया गया। जवानों ने पूरे मामले को पेशेवर तरीके से संभाला और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
संदिग्ध की पहचान और मंशा की जांच जारी
फिलहाल एयरपोर्ट में जबरन प्रवेश करने की कोशिश करने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी मंशा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह बिना वैध दस्तावेजों के एयरपोर्ट परिसर में क्यों दाखिल होना चाहता था और उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था।
CISF का कहना है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर जवान पूरी तरह सतर्क हैं और परिसर में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाती है।












