मशहूर म्यूज़िशियन प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का निधन हो गया। वह 78 साल की थीं। उनके निधन की खबर से म्यूज़िक और फ़िल्मी दुनिया में दुख की लहर दौड़ गई। वही परिवार के लोग और रिश्तेदार उन्हें प्यार से ‘अम्मा’ कहकर बुलाते थे।
सिंगर प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सिंगर प्रियंका मित्रा ने सबसे पहले सोशल मीडिया के ज़रिए सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘भरी मन से हम अपनी प्यारी अम्मा सुनीला प्यारेलाल शर्मा के निधन की जानकारी दे रहे हैं। 12 जुलाई को उन्होंने अपने परिवार के बीच इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अम्मा ने अपनी पूरी ज़िंदगी सादगी, प्यार और सेवा के साथ जी। वह हर उस इंसान से प्यार करती थीं जो उन्हें जानता था।’ परिवार के मुताबिक, सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज़ (वेस्ट) में दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा।
हमेशा अपने पति प्यारेलाल शर्मा का हर कदम पर साथ दिया
सुनीला शर्मा भले ही फ़िल्मी दुनिया का हिस्सा न रही हों, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने पति प्यारेलाल शर्मा का हर कदम पर साथ दिया। वह उनके लिए न केवल जीवन साथी थीं, बल्कि एक मजबूत सहारा भी थीं। पिछले कई सालों से, जब भी प्यारेलाल शर्मा किसी इवेंट, म्यूजिक फेस्टिवल या टीवी शो में जाते थे, सुनीला शर्मा उनके साथ देखी जाती थीं।
कई पॉपुलर सिंगिंग रियलिटी शो में भी नज़र आईं थी
सुनीला शर्मा प्यारेलाल शर्मा के साथ कई पॉपुलर सिंगिंग रियलिटी शो में भी नज़र आईं। वह ‘इंडियन आइडल 13’, ‘सा रे गा मा पा’ और ‘सुपरस्टार सिंगर’ जैसे शो में नज़र आईं। ‘इंडियन आइडल 13’ के लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल स्पेशल एपिसोड में एक कंटेस्टेंट और उनकी मां ने उन्हें हाथ से बनी एक खूबसूरत साड़ी गिफ्ट की। उस समय सुनीला शर्मा बहुत इमोशनल हो गई थीं।
प्यारेलाल शर्मा इंडियन फिल्म म्यूजिक के सबसे बड़े नामों में से एक हैं। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को सैकड़ों सुपरहिट गाने दिए हैं। इस लंबे सफर में सुनीला शर्मा हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं।



