लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए उनकी पार्टी में वापसी और फ्री हैंड मिलने के लिए एक बड़ी शर्त रख दी है। मायावती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ अपने दामाद का भला चाहते हैं, तो उन्हें राजनीति से पूरी तरह से संन्यास ले लेना चाहिए। तभी आकाश आनंद को बसपा में पूरी स्वतंत्रता के साथ काम करने का मौका दिया जाएगा।

मायावती ने जारी किए गए अपने बयान में अशोक सिद्धार्थ पर तीखा हमला बोला और उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई। बसपा सुप्रीमो ने आकाश आनंद से अपनी नाराजगी की मुख्य वजह उजागर करते हुए कहा कि आकाश अपने ससुर के स्वार्थी व्यवहार और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का खामियाजा भुगत रहे हैं। अशोक सिद्धार्थ ने अपने निजी स्वार्थ के चक्कर में आकाश का बहुत बड़ा राजनीतिक नुकसान किया है।

पार्टी नेतृत्व के अनुसार, जब से अशोक सिद्धार्थ की बेटी के साथ आकाश आनंद की शादी हुई है, तभी से यह महसूस किया जा रहा था कि अशोक सिद्धार्थ उन्हें भड़का रहे थे और पार्टी के भीतर अपना उल्लू सीधा कर रहे थे। मायावती के इस कड़े रुख के बाद बसपा के अंदरूनी राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है और अब सबकी नजरें अशोक सिद्धार्थ के अगले कदम पर टिक गई हैं।

Varanasi में CM Yogi ने शुरू किया 9वां राष्ट्रीय पोषण माह, बोले- शासन की आदर्श व्यवस्था राम राज्य

शेयर करना
Exit mobile version