बेरूत। दक्षिणी लेबनान में शनिवार को हुए इजरायली हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। यह हमला उस समय हुआ जब इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने दावा किया कि पहले हुए हमलों में उसके तीन सैनिक घायल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक इजरायली सेना ने नबातियेह जिले के अंसार और देइर एज़-ज़हरानी इलाकों को निशाना बनाया। अंसार में हुए हमले में सात लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे, जबकि दो लोग घायल हुए। वहीं देइर एज़-ज़हरानी में हुए दूसरे हमले में चार लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हमलों के बाद इजरायल ने कहा कि मारे गए लोगों में नागरिक भी शामिल थे और उसने हिजबुल्लाह पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर नागरिकों को सैन्य ठिकानों के आसपास रखता है। इजरायल ने कहा कि हमले में मारे गए महिलाएं और बच्चे हिजबुल्लाह के एक वरिष्ठ कमांडर के परिवार के सदस्य थे।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह पर लेबनान में हुए युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। वहीं लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इजरायल की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि इससे लेबनान और इजरायल के बीच अमेरिका की मध्यस्थता वाली बातचीत से पहले गलत संदेश जा रहा है।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अंसार में इजरायली हमले से एक घर को नुकसान पहुंचा, जिसमें सात लोगों की मौत हुई और दो घायल हुए। वहीं नबातियेह के उत्तर में देइर एज़-ज़हरानी में हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए।
इजरायल और लेबनान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। IDF का कहना है कि उसकी कार्रवाई का उद्देश्य हिजबुल्लाह के सैन्य ढांचे को निशाना बनाना और इजरायली बलों पर हमलों को रोकना है।













